शमी की जगह इस गेंदबाज को मिल सकता है मौका, रोहित के खेलने पर संशय, शुभमन करेंगे कप्तानी?
*शमी की जगह इस गेंदबाज को मिल सकता है मौका, रोहित के खेलने पर संशय, शुभमन करेंगे कप्तानी?*
न्यूजीलैड के स्टार स्पिनरों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों की परख हो सकती है। भारत ने दोनों मैच जीते हैं, लेकिन स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया है।
चैंपियंस ट्रॉफी में आज ग्रुप-ए में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला दुबई में खेला जाएगा। इसी मुकाबले के साथ ग्रुप स्टेज की समाप्ती हो जाएगी। यह मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है क्योंकि इससे ग्रुप-ए के टेबल टॉपर का फैसला होगा। अब तक अजेय भारतीय टीम का फोकस स्पिन को बेहतर खेलने पर होगा। न्यूजीलैंड के खिलाफ इस मैच में उन खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है जो अब तक बाहर बैठे हैं। रोहित शर्मा और मोहम्मद शमी के खेलने पर सबसे ज्यादा संशय है। ऐसे में शमी की जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। वहीं, रोहित अगर नहीं खेलते हैं तो शुभमन गिल कप्तानी करते दिख सकते हैं। रोहित की जगह ऋषभ पंत को खिलाया जा सकता है।
*न्यूजीलैंड के स्पिनर्स के खिलाफ असली टेस्ट*
आखिरी ग्रुप मैच जीतने से भारत ग्रुप ए में शीर्ष पर रहेगा। अब सेमीफाइनल में भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका या ऑस्ट्रेलिया से हो सकता है और दोनों के पास बेहतरीन स्पिनर हैं। ऐसे में न्यूजीलैड के स्टार स्पिनरों के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजों की परख हो सकती है। भारत ने दोनों मैच जीते हैं, लेकिन स्पिनरों ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया है। भारत के स्टार बल्लेबाजों ने बांग्लादेश के स्पिनरों मेहदी हसन मिराज और रिशाद हुसैन के खिलाफ जोखिम लेने से बचने की रणनीति अपनाई थी। यही तरीका उन्होंने पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद के खिलाफ भी अपनाया और ये तीनों गेंदबाज काफी किफायती साबित हुए थे।
*भारत के सामने सैंटनर-ब्रेसवेल की चुनौती होगी*
अब भारत के सामने मिचेल सैंटनेर और माइकल ब्रेसवेल की चुनौती होगी जो इस टूर्नामेंट में स्पिन के सामने सबसे कठिन परीक्षा भी रहेगी। दोनों कीवी स्पिनर अच्छे फॉर्म में हैं और दुबई की पिच पर और प्रभावी साबित हो सकते हैं। भारतीय बल्लेबाज स्पिनरों को इक्के दुक्के रन लेकर बड़े शॉट तेज गेंदबाजों के खिलाफ खेलते आए हैं, लेकिन अब उन्हें 20 ओवर सेंटनेर और ब्रेसवेल का सामना करना है। ग्लेन फिलिप्स भी बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ किफायती साबित हो सकते हैं।
*रोहित और शमी दोनों को आराम दिया जा सकता है*
भारत जीत की लय को कायम रखना चाहेगा, लेकिन सेमीफाइनल से पहले कप्तान रोहित शर्मा और मोहम्मद शमी को आराम दिया जा सकता है। पाकिस्तान के खिलाफ रोहित को गर्मी से असहज महसूस हो रहा था और वह 20 मिनट तक मैदान से बाहर रहे। बल्लेबाजी में हालांकि उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। वैसे इस मैच में कुछ दाव पर नहीं लगा है लिहाजा रोहित को ब्रेक दिया जा सकता है। ऐसे में ऋषभ पंत को टूर्नामेंट में पहला मैच खेलने का मौका मिल सकता है।
*विराट-श्रेयस और गिल पर होगा दारोमदार*
पिछले साल के आखिर में घरेलू टेस्ट सीरीज में सैंटनर और फिलिप्स के खिलाफ भारत का अनुभव अच्छा नहीं रहा है। भारत को उसमें 3-0 से हार झेलनी पड़ी थी और अब यहां इन दोनों के साथ ब्रेसवेल भी हैं जिन्होंने अब तक दो मैचों में बेहतरीन गेंदबाजी की है। ऐसे में फॉर्म में चल रहे शुभमन गिल, पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद शतक जमाने वाले विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल को प्रभावी प्रदर्शन करना होगा।